बेसन के लड्डू : मिठास परंपरा की अनोखी मिठाई

बेसन के लड्डू : मिठास परंपरा की अनोखी मिठाई

भारतीय मिठाइयों में बेसन के लड्डू का एक अलग ही स्थान है। यह न सिर्फ स्वाद में लाजवाब है बल्कि अपनी सरलता और पारंपरिक पहचान के कारण भी विशेष माना जाता है। कोई भी शुभ अवसर, तीज-त्यौहार या पूजा-पाठ हो, बेसन के लड्डू के बिना अधूरा लगता है। मान्यता है कि भगवान को प्रसाद स्वरूप लड्डू अर्पित करने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। यही कारण है कि यह मिठाई बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सबकी पसंद बनी हुई है।

सामग्री –
बेसन – 500 ग्राम, देसी घी – 300 ग्राम, बूरा – 500 ग्राम।
बनाने की विधि
सबसे पहले कड़ाही को आंच पर रखें और उसमें थोड़ा घी डालकर गर्म करें। घी गर्म होने पर उसमें बेसन डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। ध्यान रखें कि बेसन कड़ाही की तली में चिपके या जले नहीं। भूनते समय थोड़ी-थोड़ी देर में घी डालते रहें। जब बेसन का रंग सुनहरा हो जाए और उसमें से सोंधी-सोंधी खुशबू आने लगे, तब उसे आंच से उतार लें।
अब भुने हुए बेसन को एक बर्तन में निकालकर हल्का ठंडा होने दें। फिर उसमें बूरा डालकर अच्छी तरह मिलाएँ। इसके बाद हाथों से मिश्रण को मनचाहे आकार में दबाकर गोल-गोल लड्डू बना लें। जब लड्डू पूरी तरह सेट हो जाएँ तो उन्हें किसी डिब्बे में सुरक्षित रख सकते हैं।
बेसन के लड्डू सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि परंपरा और अपनत्व का प्रतीक भी हैं। यह मिठाई हर अवसर की शान है, जो परिवार और रिश्तों में मिठास घोल देती है।
अंततः
इस बार बाज़ार से नहीं, घर पर ही बनायें बेसन के लड्डू।
Share this post